कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने, जनहानि एवं धनहानि को न्यूनतम रखने तथा राहत एवं बचाव कार्यों को सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किए जाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाढ़ पूर्व तैयारियों, राहत प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों तथा कटानरोधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बाढ़ कार्य खंड अयोध्या द्वारा जनपद में कराए जा रहे बाढ़ सुरक्षा एवं कटानरोधी कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। अधिशासी अभियन्ता, बाढ़ कार्य खण्ड, अयोध्या द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद अम्बेडकरनगर में 05 अदद परियोजनाओं का कार्य कराया जा रहा है। जिसमें 02 परियोजना तहसील टाण्डा तथा 03 परियोजना तहसील आलापुर में चल रही है। इन सभी परियोजनाओं पर कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है। इन परियोजनाओं से आसोपुर, नौराहने रामपुर, गोर्वधनपुर, बंगालपुर, माझा कम्हरियां, अराजी देवारा इत्यादि ग्रामों की बाढ़ से सुरक्षा होगी। जिस पर जिलाधिकारी ने 30 जून तक परियोजनाएं पूर्ण किये जाने हेतु निर्देशित किया। इसी के साथ ही जिलाधिकारी ने संबंधित उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वे तकनीकी टीम के साथ स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। जनपद में कुल 13 बाढ़ चौकियां है जिसमें 05 तहसील क्षेत्र टाण्डा के अन्तर्गत एवं 08 तहसील क्षेत्र आलापुर के अन्तर्गत बनायी गयी है। जिलाधिकारी ने पूर्ण हो चुके बाढ़ शरणालय को नियमानुसार संबंधित विभागों को शीघ्र हैंडओवर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ संभावित क्षेत्रों एवं संवेदनशील गांवों में पूर्व से ही समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाएं। राहत शिविरों, बाढ़ शरणालयों, नावों, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, खाद्यान्न, दवाओं तथा पशुचारे आदि की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ज्योत्स्ना बंधु, अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी), उप जिलाधिकारी टांडा, उप जिलाधिकारी आलापुर आदि सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
