आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। केराकत कोतवाली क्षेत्र के सरोज बड़ेबर गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवक कथित रूप से हाथ में तमंचा लिए दिखाई दे रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है और लोगों ने इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले युवक की पहचान साहिल यादव उर्फ बंटी, पुत्र बबलू यादव निवासी सरोज बड़ेबर के रूप में बताई जा रही है। वीडियो में युवक कथित रूप से हथियार का प्रदर्शन करता नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे हथियार की वैधता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। लोगों का कहना है कि आजकल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने की होड़ में कुछ युवा ऐसे वीडियो बनाकर साझा कर रहे हैं, जो न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन सकते हैं बल्कि समाज में गलत संदेश भी पहुंचाते हैं।
ग्रामीणों का मानना है कि युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। हथियारों के साथ वीडियो बनाना या उनका प्रदर्शन करना युवाओं को गलत दिशा में ले जा सकता है और इससे अन्य युवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। यदि जांच में वीडियो सही पाया जाता है और हथियार अवैध या कानून के विरुद्ध उपयोग में पाया गया तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या हथियारों के प्रदर्शन को बढ़ावा देने वाले कृत्यों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
