इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले सीजन का खिताब अपने नाम करने वाली फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स के मालिकाना हक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में लक्ष्मी मित्तल और आदर पूणावाला ने इस फ्रेंचाइजी को टेक ओवर किया था। ऐसे में काल सोमानी की बिड खारिज होने की खबर भी आई। अब इस ग्रुप ने अपने साथ गलत होने के आरोप लगाए हैं।
सोमानी के नेतृत्व वाले ग्रुप ने जिसमें रोब और जोर्डन वॉल्टन भी शामिल हैं, ने पहले इस फ्रेंचाइजी को खरीदने की बात कही थी और इसकी प्रक्रिया भी पूरी होने वाली थी, लेकिन तभी बीच में मित्तल और पूणावाला समूह की एंट्री हुई और खबर आई की अब ये ग्रुप राजस्थान फ्रेंचाइजी का नया मालिक होगा। इस बात से सोमानी ग्रुप नाराज है और प्रक्रिया में पारदर्शिता न होने के आरोप लगाए हैं।
इस कारण रद हुई बोली
मीडिया रिपोर्ट्स का मानें तो सोमानी ग्रुप की बिड इसलिए खारिज हुई क्योंकि इस ग्रुप की फंडिग को लेकर सवाल थे। सोमानी ग्रुप ने इस तर्क को सिरे से खारिज किया है और बयान जारी कर पूरी प्रक्रिया पर निराशा जाहिर की है। इस समूह ने कहा है कि वह शुरुआत से इस फ्रेंचाइजी को खरीदने में सबसे आगे चल रहे थे और छह महीने की पूरी प्रक्रिया के दौरान अंत तक भी वह आगे थे, लेकिन फिर उन्होंने देखा कि फ्रेंचाइजी ने उनके विरोधी समूह के साथ करार कर लिया है जिसमें मित्तल और पूणावाला शामिल हैं।
अपने बयान में सोमानी-वॉल्टन ग्रुप ने उन रिपोर्ट्स को भी चुनौती दी है जिसमें उनके फंड न होने के कारण फेल होने की बात कही गई है। ग्रुप ने कहा है कि उनके पास हमेशा से पूरा फंड था और उन्होंने कभी भी अपनी बिड वापस नहीं ली है। इस ग्रुप ने राजस्थान रॉयल्स के मैनेजमेंट पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कहा है कि जो हुआ है उसमें सभी प्रतिद्वंदियों को एक जैसा मौका नहीं मिला है। समूह ने पूरी प्रकिया को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से कराने की बात कही है।
भारी भरकम रकम की अदा
तीन मई 2026 को लक्ष्मी मित्तल, पूणावाला समूह ने 15, 660 करोड़ में ये फ्रेंचाइजी को खरीदने की बात कही थी। इसमें टीम के पुराने मालिक मनोज बादले की हिस्सेदारी भी बरकरार है। लक्ष्मी मित्तल इंग्लैंड में रहते हैं, लेकिन वह भारतीय मूल निवासी हैं। उनका परिवार राजस्थान से ही ताल्लुक रखता है और उन्होंने बयान में कहा भी था कि अगर वह आईपीएल में कोई फ्रेंचाइजी खरीदते तो राजस्थान ही क्योंकि उनका परिवार राजस्थान का ही है।
