देवल संवाददाता, मऊ। जनपद मऊ के नवनियुक्त जिलाधिकारी आनंद वर्द्धन ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक एवं प्रेस वार्ता की। कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में पारदर्शी, संवेदनशील और भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन सुनिश्चित करना उनका मुख्य लक्ष्य है।मीडिया कर्मियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री जी की मंशा के अनुरूप शासन की सभी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाया जाएगा। विशेष रूप से आयुष्मान कार्ड, राशन वितरण और पेंशन योजनाओं में शत-प्रतिशत संतृप्ति (Saturation) पर जोर रहेगा।
आईजीआरएस (IGRS) और तहसील दिवस पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के संदर्भ में जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण ढंग से होना चाहिए। फरियादियों को बार-बार ब्लॉक या तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में निर्माणाधीन बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कराना उनका लक्ष्य होगा। स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा शिक्षण संस्थानों में पठन-पाठन का माहौल सुधारना भी प्राथमिकताओं में शामिल है।मीडिया से संवाद जिलाधिकारी ने मीडिया कर्मियों से रूबरू होते हुए कहा कि निष्पक्ष पत्रकारिता प्रशासन के लिए दर्पण का कार्य करती है। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे जिले की समस्याओं के साथ-साथ रचनात्मक सुझाव भी साझा करें ताकि मऊ को विकास के नए सोपान पर ले जाया जा सके।अंत में,जिलाधिकारी ने जिले के नागरिकों को आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन उनके सहयोग के लिए सदैव तत्पर है और जनहित में कड़े निर्णय लेने से पीछे नहीं हटेगा। इस दौरान कुछ मीडिया कर्मियों द्वारा जनपद की समस्याओं को उनके संज्ञान में लाया गया जिस पर गंभीरता से विचार कर त्वरित निस्तारण का आश्वासन भी उन्होंने दिया।
