देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कंजहित बाजार में रविवार को एक सड़क हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना यूनियन बैंक के समीप आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर उस समय हुई, जब वाराणसी की ओर जा रहे एक मालवाहक वाहन में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर लगने के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए। हादसे के समय कार में तीन लोग सवार थे। कार चालक अमीन पुत्र महबूब बड़ागांव वाराणसी सुरक्षित बच गया, जबकि श्लोक कुमार बरनवाल (20) और स्वाति बरनवाल (43) निवासी बिलरियागंज चुंगी, आजमगढ़ घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही 112 पीआरवी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को 112 पीआरवी 6210 एसआई कमलेश यादव, महिला कांस्टेबल चांदनी मौर्य, चालक बृजेश कुमार वाहन से संयुक्त सौ शैय्या चिकित्सालय लालगंज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों को मामूली चोटें आई थीं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। हादसे के बाद पुलिस ने आवश्यक जानकारी जुटाई और यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
