कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डॉ. बी.आर. अंबेडकर मूर्ति विकास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस योजना के तहत जनपद में महापुरुषों की मूर्तियों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण व मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु नियमानुसार प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य समाज सुधारकों, महापुरुषों, सामाजिक न्याय के प्रणेतागण तथा सांस्कृतिक विभूतियों की मूर्तियों की सुरक्षा, सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित मूर्तियों के संरक्षण हेतु सुरक्षात्मक छत्र का निर्माण, बाउंड्रीवाल/रेलिंग, हरियाली विकास, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधा, पाथवे तथा सूचना पट्ट स्थापित किए जाएंगे।
इस योजना के तहत किसी सार्वजनिक स्थल पर वर्तमान पर लगी मूर्ति पुरानी अथवा जीर्ण-शीर्ण हो चुकी हैं, वहां आवश्यकतानुसार नई संगमरमर की मूर्तियां स्थापित कराई जा सकेंगी। योजना के अंतर्गत मूर्ति स्थलों को स्वच्छ, व्यवस्थित एवं सम्मानजनक स्वरूप प्रदान किया जाएगा, जिससे सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण हो सके। उन्होंने बताया कि योजना में ऊर्जा दक्ष एवं सौर ऊर्जा आधारित प्रकाश व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाएगी तथा प्रत्येक मूर्ति स्थल पर संबंधित महापुरुष के जीवन एवं योगदान से संबंधित संक्षिप्त जानकारी प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही मूर्ति स्थलों पर हरित क्षेत्र विकसित कर उन्हें आकर्षक एवं जनोपयोगी बनाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के पश्चात संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण कर प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चयनित 10 –10 मूर्तियों का विकास कार्य कराया जाएगा। और एक चयनित स्थल पर अधिकतम 10 लाख रुपए का व्यय किया जा सकेगा।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी आलोक दत्त उपाध्याय, जिला पंचायत राज अधिकारी उपेंद्र कुमार पांडे, उप जिलाधिकारी/ खंड विकास अधिकारी विशाल सारस्वत, जिला समाज कल्याण अधिकारी विक्रम कौशल सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी, अधिशाषी अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
