देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉ. अनुभव मिश्र की बुधवार शाम सड़क दुर्घटना में हुई मौत से चिकित्सा जगत में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को एल-2 अस्पताल परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अनुभव मिश्र की अचानक मृत्यु ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। वे बेहद मिलनसार, संवेदनशील और मरीजों के प्रति पूरी तरह समर्पित चिकित्सक थे। किसी भी पीड़ित को रास्ते में या अस्पताल में मिलने पर वह उसके समुचित इलाज और दवा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही आगे बढ़ते थे। मरीजों की सेवा ही उनकी पहली प्राथमिकता थी। सहकर्मियों ने कहा कि डॉ. मिश्र का व्यवहार सभी के प्रति सहयोगात्मक था और उनका निधन चिकित्सा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कमी हमेशा महसूस की जाएगी। श्रद्धांजलि सभा में डॉ. राहुल, प्रशांत शुक्ला, अवनीश शाह, सुनील गौड़, अनिका शमी, दीप्ति सिंह, विजय सिंह, बलवंत नारायण, अमित गुप्ता, प्रीतम पाठक और अमृत राय सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक मौजूद रहे। नर्सिंग स्टाफ ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान शुभम दुबे, पुष्पेंद्र शुक्ला, नेहा गुप्ता, पूजा सिंह, आनंद, अविनाश, मनदीप, पुष्पांजलि समेत अस्पताल के अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
.jpg)