कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।बिजली की अनियमित आपूर्ति और लगातार कटौती से त्रस्त गौहन्ना बाईपास स्थित निर्मल वाटर कंपनी के संचालक संदीप निषाद ने बिजली विभाग के एक व्हाट्सएप ग्रुप में आत्महत्या की धमकी देते हुए पोस्ट किया। घटना की सूचना मिलते ही अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और संचालक को समझा-बुझाकर शांत कराया।संदीप निषाद ने बताया कि उनका प्लांट मरैला फीडर से जुड़ा है। पिछले कई दिनों से बिजली की समस्या बेहद गंभीर हो गई है। बिजली आती है तो मशीनें गर्म होने से पहले ही कट जाती हैं। दिन-रात यही स्थिति बनी रहने के कारण प्लांट का संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। पानी का उत्पादन बंद होने से वे मजदूरों की मजदूरी और बैंक के लोन की किस्तें चुकाने में असमर्थ हो गए हैं। लगातार वसूली के दबाव से वे मानसिक रूप से बेहद परेशान थे।निषाद ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार मुलाकात की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंततः निराशा में उन्होंने बिजली विभाग के ग्रुप पर लिखा, “आज पावर हाउस पहुंच रहा हूं आत्महत्या करने के लिए।”यह संदेश वायरल होते ही पुलिस और एलआईयू टीम सक्रिय हो गई। पुलिस टीम तुरंत उनके प्लांट पर पहुंची और उन्हें समझाया। उल्लेखनीय है कि इस दौरान विद्युत विभाग का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।अकबरपुर थानाध्यक्ष श्रीनिवास पांडेय ने बताया कि ग्रुप में वायरल हुए संदेश की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और मामले को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझा लिया।यह घटना बिजली विभाग की अनियमित आपूर्ति और व्यावसायिक इकाइयों पर पड़ रहे इसके गंभीर प्रभाव को लेकर सवाल खड़े कर रही है।
.jpeg)