शादी समारोह से लौट रहे थे भाई, घर के बाहर बैठे युवकों को भी मारी टक्कर
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। चंदवक थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों भरे माहौल को मातम में बदल दिया। बगेरवा गांव के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो सगे भाइयों को टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चे समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार मराड़ गांव निवासी हरिश्चंद्र विश्वकर्मा के पुत्र दीपक विश्वकर्मा (35) अपने छोटे भाई आकाश विश्वकर्मा (22) और पांच वर्षीय बेटे शिवांश के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। तीनों केराकत क्षेत्र के मुरारे गांव स्थित ननिहाल में आयोजित मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होकर वापस आ रहे थे। बताया जा रहा है कि परिवार में 7 मई को शादी समारोह होना था, जिसके चलते घर में उत्सव का माहौल था।
रात करीब 11:30 बजे नारेपार के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल आकाश ने वाराणसी ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। हादसे में मासूम शिवांश गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित हो गई और आगे जाकर प्रभु यादव के घर के बाहर चारपाई पर बैठे दो चचेरे भाइयों अखिलेश (25) और राहुल (23) को भी अपनी चपेट में ले लिया। दोनों युवक आगामी शादी की तैयारियों को लेकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसके बाद बोलेरो दीवार से टकराकर रुक गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद बोलेरो में सवार लोग चालक को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलते ही चंदवक पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर भेजवाया। चिकित्सकों के अनुसार शिवांश और राहुल की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस ने बोलेरो और चालक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं मृतक दीपक की पत्नी विजेता विश्वकर्मा, जो आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं, सहित पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने मृतकों के पिता हरिश्चंद्र विश्वकर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
