बरसठी-रामपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा व बिना नम्बर प्लेट बाइक बरामद
आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले के बरसठी थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण तथा क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बरसठी जयप्रकाश यादव और प्रभारी निरीक्षक रामपुर विनोद कुमार अपनी संयुक्त टीम के साथ परियत तिराहे के पास संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बिना नम्बर प्लेट की काले रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक आलमगंज की ओर से आने वाले हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने महमूदपुर बैरी पट्टी तिराहा, रसूलहा-आलमगंज मार्ग पर घेराबंदी कर सघन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ ही देर बाद बताए गए हुलिये की बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने जब रुकने का संकेत दिया तो बाइक सवार बदमाशों ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बाइक चला रहा एक बदमाश गोली लगने से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। वहीं उसका दूसरा साथी पुलिस पर फायरिंग करता हुआ झाड़ियों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने मौके पर घायल बदमाश को पकड़ लिया।
पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान रुस्तम पुत्र मुस्लिम निवासी सहाबुद्दीनपुर थाना गौराबादशाहपुर जनपद जौनपुर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर का देशी तमंचा, दो जिन्दा कारतूस, तीन खोखा कारतूस तथा बिना नम्बर प्लेट की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार रुस्तम एक हिस्ट्रीशीटर और शातिर अपराधी है। उसके खिलाफ जौनपुर एवं आजमगढ़ के विभिन्न थानों में लूट, चोरी, गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में दर्जनभर से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश यादव, निरीक्षक विनोद कुमार, उपनिरीक्षक अजय कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे, उपनिरीक्षक मंजीत कुमार समेत थाना बरसठी और थाना रामपुर की संयुक्त पुलिस टीम शामिल रही।
