देवल संवाददाता, आजमगढ़ जनपद के देवगांव थाना क्षेत्र में जमीन कब्जे के विवाद को लेकर हुए मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की राड भी बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना देवगांव पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में मारपीट एवं जानलेवा हमले के मुकदमे में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वादी सीताराम पुत्र श्यामा सरोज निवासी ग्राम चेवार गोवर्धनपुर थाना देवगांव ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी उनके जमीन पर कब्जा करने की नीयत से हैंडपंप गाड़ रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए लोहे की राड से हमला कर उनके सिर पर गंभीर चोट पहुंचाई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके परिजन रामभवन, राममूरत, श्यामा, रेखा और सोनम के साथ भी मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
तहरीर के आधार पर थाना देवगांव में मु0अ0सं0 189/2026 के तहत धारा 109(1), 115(2), 352, 351(3) बीएनएस में राजदेव, सरोज, दुर्गेश एवं सुबाष सरोज निवासी चेवार गोवर्धनपुर थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह द्वारा की जा रही है।
दिनांक 21 मई 2026 को उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे से संबंधित वांछित अभियुक्त सुबाष सरोज और दुर्गेश सरोज चेवार गोवर्धनपुर के सामने हाईवे रोड पर कहीं जाने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सुबह करीब 7:10 बजे दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक अदद लोहे की राड बरामद की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों अभियुक्तों को न्यायालय भेज दिया।
