देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जनपद में बढ़ते डस्ट प्रदूषण को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने सख्त रुख अपनाते हुए प्रभावित क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में डस्ट नियंत्रण एवं प्रदूषण निस्तारण को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर पंचायत डाला, ओबरा एवं अनपरा के अधिक धूल प्रभावित क्षेत्रों में स्मोक गन के माध्यम से प्रतिदिन नियमित जल छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक तथा शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक संचालित किया जाए, ताकि आमजन को धूल प्रदूषण से राहत मिल सके। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि प्रदूषण नियंत्रण शासन की प्राथमिकता में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़क किनारे उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों में मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को नगर पंचायतों द्वारा कराए जा रहे छिड़काव कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही निर्देशित किया कि जनपद में संचालित कंपनियों और क्रशर प्लांटों का नियमित निरीक्षण किया जाए तथा अत्यधिक प्रदूषण फैलाने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि यदि सड़कों के किनारे फ्लाई ऐश अनाधिकृत रूप से फेंकी हुई पाई जाती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) वागीश कुमार शुक्ला,
क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी आरके सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpeg)