देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क स्थित सभागार कक्ष में बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में नक्सल समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में जनपद पुलिस, पीएसी, विभिन्न विभागों तथा सीमावर्ती जनपद मीरजापुर और चंदौली से आए अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में नक्सली गतिविधियों एवं संभावित संचरण को देखते हुए नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों एवं जनपदों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा नियमित रूप से कॉम्बिंग एवं एरिया डोमिनेशन अभियान चलाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने निर्देशित किया कि अभियान के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनका त्वरित समाधान कराया जाए। साथ ही ग्रामीणों के साथ सतत संवाद स्थापित कर उन्हें किसी के बहकावे में न आने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को देने के लिए जागरूक किया जाए। गोष्ठी में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने, सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त अभियान चलाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मंथन किया गया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात डा चारु द्विवेदी, डिप्टी सीएमओ डा शैलेन्द्र, प्रभारी निरीक्षक जोनल नक्सल अभिसूचना इकाई राणा प्रताप सिंह, प्रभारी निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई महेन्द्र प्रताप यादव, कम्पनी कमाण्डर 48वीं आईआर वाहिनी मनोज कुमार सहित नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
.jpg)