आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के फैजाबाद रोड पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक बाइक से किसी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान फैजाबाद रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर ट्रक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
