आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिला अस्पताल में मंगलवार को अग्निकांड जैसी आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग की ओर से विशेष मॉक ड्रिल आयोजित की गई। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस अभ्यास का उद्देश्य अस्पताल प्रशासन, डॉक्टरों, कर्मचारियों और मरीजों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता एवं बचाव के प्रति जागरूक करना था।
नवागत जिलाधिकारी सैम्यूल पाल एन. के निर्देश पर आयोजित इस मॉक ड्रिल में फायर विभाग के अधिकारी नागेंद्र द्विवेदी अपनी टीम के साथ जिला अस्पताल पहुंचे। अभ्यास के दौरान अस्पताल परिसर में अचानक आग लगने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसके बाद फायर कर्मियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मॉक ड्रिल में अस्पताल के विभिन्न वार्डों से मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालने, आग पर काबू पाने तथा आपदा प्रबंधन की प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। फायर विभाग की टीम ने अस्पताल कर्मचारियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, धुएं से बचाव और आपातकालीन स्थिति में अपनाई जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।
अभ्यास के दौरान कुछ समय के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी जैसे हालात भी बनाए गए, ताकि वास्तविक घटना के समय कर्मचारियों और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा सभी लोग संयम के साथ कार्य कर सकें।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग लगने जैसी घटनाओं में घबराने के बजाय तुरंत सतर्क होकर सही कदम उठाना बेहद आवश्यक होता है। समय रहते सूचना देने और प्राथमिक सुरक्षा उपाय अपनाने से बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
प्रशासन की ओर से कहा गया कि जिले में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए समय-समय पर इस तरह की मॉक ड्रिल आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
