आमिर, देवल ब्यूरो ,खेतासराय। जौनपुर क्षेत्र के पास हुई हृदयविदारक घटना में सरायख्वाजा निवासी आजाद बिंद की असमय मौत के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह हरकत में आ गया है। घटना के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ आक्रोश का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाए हैं।
रविवार को प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव, शाहगंज विधायक रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह मृतक के घर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
अधिकारियों ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि इस दुखद घड़ी में प्रशासन पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ा है और न्याय दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी आपराधिक प्रवृत्ति को देखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देश हैं कि इस तरह के जघन्य अपराध में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति और संयम बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
फिलहाल, पूरे मामले पर प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई है और न्याय दिलाने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है।
