कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अधिशासी अभियंता आलापुर अवधेश कुमार यादव ने विद्युत वितरण खंड आलापुर के समस्त उपखंड अधिकारियों को आगामी 15 मई से 22 मई तक विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान करने के लिए मेगा विद्युत कैंप का आयोजन करने का निर्देश दिया है।
अधिशासी अभियंता आलापुर अवधेश कुमार यादव के निर्देश पर विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के तुरंत समाधान के लिए उपखंड अधिकारी कुमार अनिकेत के नेतृत्व में आगामी 15 मई को 33/11 के. बी. विद्युत उपकेंद्र बसखारी अंतर्गत काटोखर बाजार में, आगामी 16 में को उपखंड अधिकारी कुमार अनिकेत के नेतृत्व में मुंडेरा बाजार, आगामी 18 मई को तेंदुआई कला अंतर्गत राजेसुल्तानपुर में, विद्युत उपकेंद्र न्यौरी अंतर्गत ढोलबजवा बाजार में आगामी 19 मई, 20 मई को बसखारी अंतर्गत दरगाह में, आगामी 21मई को तेंदुआई कला अंतर्गत सिंघलपट्टी में, आगामी 22 मई विद्युत उपकेंद्र बसखारी अंतर्गत मकरहीं बाजार सहित विद्युत वितरण खंड आलापुर के माडर मऊ, बिडहर, इन्दईपुर,नेवारी दुराजपुर, हुसैनपुर मुसलमान, अकथरा नारायनपुर, जहांगीरगंज में उपखंड अधिकारी कुमार अनिकेत एवं उपखंड अधिकारी राधा सिंह के नेतृत्व में मेगा विद्युत कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप के माध्यम से क्षेत्र के समस्त विद्युत उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर कई महत्वपूर्ण सेवाएं विद्युत विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
उपखंड अधिकारी कुमार अनिकेत एवं उपखंड अधिकारी राधा सिंह की सूचना के अनुसार मेगा विद्युत कैंप में बिजली बिल संशोधन, बकाया बिल जमा करने,नए विद्युत संयोजन, क्षमता वृद्धि, मीटर बदलने व विद्युत जांच जैसी अन्य सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की अन्य विद्युत संबंधी शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा।
अवर अभियंता न्यौरी प्रशांत तिवारी ने क्षेत्र के समस्त उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि आप सभी सम्मानित उपभोक्ता इस मेगा कैंप में पहुंच कर अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी लंबित समस्याओं का समाधान मौके पर ही प्राप्त करते हुए मेगा कैंप का लाभ उठाएं। उन्होंने सभी से मेगा कैंप आयोजन की जानकारी साझा करने की अपील की जिससे ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ता इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
