मध्य पूर्व में चल रहे ईरान-अमेरिका संघर्ष के बीच सोमवार को रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में ईरान का जोरदार बचाव किया। होर्मुज जलडमरूमध्य में आवाजाही को सीमित करने के ईरान के अधिकार का बचाव करते हुए रूसी राजदूत वसीली नेबेंजिया ने पश्चिमी देशों पर पाखंड और समुद्री डकैती का आरोप लगाया।
इसके साथ ही रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ मुलाकात कर अपने पूर्ण समर्थन की बात कही। मालूम हो कि, ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची इस्लामाबाद की अपनी संक्षिप्त यात्रा के बाद रूस पहुंचे थे। वहां, सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की, जिन्होंने अपनी संप्रभुता के लिए बहादुरी और वीरता से लड़ने को लेकर ईरानियों की सराहना की।
पुतिन ने शांति वार्ता में मदद के लिए बढ़ाया हाथ
पुतिन ने यह भी कहा कि मॉस्को पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द शांति लाने में मदद करने के लिए हर संभव प्रयास करने को तैयार है। रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' की रिपोर्ट के अनुसार, मॉस्को पहुंचने से पहले अराघची ने ओमान और पाकिस्तान के नेतृत्व से बातचीत की। ईरानी विदेश मंत्री ने सेंट पीटर्सबर्ग में पुतिन से मुलाकात की और ईरान को समर्थन देने के लिए उन्हें धन्यवाद दिया।
पुतिन ने अराघची के साथ अपनी मुलाकात के दौरान कहा, ''रूस पश्चिम एशिया में जल्द से जल्द शांति सुनिश्चित करने के लिए अपनी ओर से हर संभव प्रयास करने को तैयार है।'' इस मुलाकात में रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव भी मौजूद थे। पुतिन ने बताया कि उन्हें पिछले सप्ताह ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का संदेश मिला था। उन्होंने इस संदेश के लिए अराघची को उनकी ओर से आभार व्यक्त करने और खामेनेई के अच्छे स्वास्थ्य और सकुशल होने के लिए शुभकामनाएं देने को कहा।
ईरान के पास रूस जैसा दोस्त : अराघची
अराघची ने कहा, "अमेरिका से युद्ध के दौरान दुनिया ने ईरान की ताकत देखी। ईरानी अवाम ने अपने साहस से अमेरिकी आक्रमण का सफलतापूर्वक सामना किया। उन्होंने आगे कहा, इस मुलाकात से यह स्पष्ट हो गया है कि ईरान के पास रूस जैसा दोस्त और सहयोगी हैं और उन्होंने सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन की ओर से रूसी नेतृत्व को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
रूसी विदेश मंत्री ने भी जारी किया बयान
रूसी विदेश मंत्री लावरोव ने कहा, राष्ट्रपति पुतिन और ईरानी विदेश मंत्री के बीच हुई वार्ता सफल रही। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बाद में कहा कि, रूस दोनों पक्षों को स्वीकार्य किसी भी प्रकार की मध्यस्थता सेवाएं प्रदान करने के लिए तैयार है।
वहीं, ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी 'इरना' के अनुसार, ''पहले दौर में कुछ प्रगति होने के बावजूद, अमेरिका ने गलत तरीकों के कारण वार्ता को सफल नहीं होने दिया। बता दें कि, अराघची सोमवार को सेंट पीटर्सबर्ग के पुलकोवो हवाई अड्डे पर पहुंचे थे, जहां रूसी अधिकारियों और रूस में ईरान के राजदूत काजिम जलाली ने उनका स्वागत किया।
