पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाजी कोच जेम्स होप्स ने कहा कि आईपीएल के मौजूदा सत्र में उनकी टीम की पहली हार से उसे वास्तविकता का पता चला लेकिन स्पष्ट किया कि इससे टीम के अंदर किसी तरह की निराशा नहीं है। तालिका में शीर्ष पर काबिज पंजाब किंग्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स से छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
अजेय थी पंजाब किंग्स
इस मैच से पहले वह प्रतियोगिता की एकमात्र अजेय टीम थी। होप्स ने कहा कि यह वास्तविकता का सामना करने जैसा है। हम शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। हम मैच जीत रहे हैं और यह बहुत अच्छा है। हर कोई खुश है और माहौल अब भी बहुत अच्छा है। उन्होंने कहा कि यह हमारा आठवां मैच था और यह हमारी पहली हार है। हमारे ड्रेसिंग रूम में किसी तरह की निराशा का माहौल नहीं है।
गुजरात से होगा सामना
पंजाब किंग्स का अगला मैच रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस से होगा और होप्स ने कहा कि उनका ध्यान छोटी-मोटी कमियों को दूर करने पर होगा। उन्होंने कहा कि आप आईपीएल में बिना कोई मैच हारे आगे नहीं बढ़ सकते। अब हमारे पास गुजरात टाइटंस के विरुद्ध मैच खेलने से पहले कुछ दिन का समय है और इससे हमें फिर से एकजुट होने में मदद मिलेगी।
हम अभ्यास के दौरान अपनी कुछ कमियों को दूर करने की कोशिश करेंगे। वहीं, राजस्थान रॉयल्स के मुख्य कोच कुमार संगकारा तालिका में शीर्ष पर काबिज टीम के विरुद्ध मिली जीत से बेहद खुश थे और उन्होंने कहा कि इससे उनकी टीम को काफी राहत मिली है।
टॉप टीम के खिलाफ खेलना आसान नहीं
संगकारा ने कहा कि यहां आकर तालिका में शीर्ष पर काबिज टीम के विरुद्ध खेलना आसान नहीं था। यह एक अच्छी जीत है। जीतना और थोड़ी राहत पाना हमेशा अच्छा होता है। उन्होंने बल्लेबाजों के सामूहिक प्रयास विशेषकर इंपैक्ट सब्सीट्यूट के रूप में आए बल्लेबाज शुभम दुबे की 12 गेंदों में 31 रन की प्रभावशाली पारी की विशेष रूप से प्रशंसा की।
संगकारा ने कहा कि मैंने आज दुबे के बारे में सोचा, जो इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट के रूप में क्रीज पर उतरा। ऐसी स्थिति में अच्छा प्रदर्शन करना बहुत मुश्किल होता है क्योंकि आपको यह नहीं पता होता है कि आप खेलेंगे या नहीं।
