देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। वन प्रभाग रेणुकूट के म्योरपुर वन रेंज अंतर्गत रनटोला जंगल में अज्ञात लोगों द्वारा बड़े पैमाने पर पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जंगल में कई दर्जन सीधा (सिद्ध) समेत विभिन्न प्रजातियों के पेड़ों को काट लिया गया है, जिससे क्षेत्र में पर्यावरण प्रेमियों में आक्रोश व्याप्त है। पर्यावरण प्रेमियों एवं स्थानीय लोगों ने इस घटना को लेकर वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। रनटोला के ग्राम प्रधान दिनेश जायसवाल, विजय कुमार, सुरेश, प्रदीप सिंह, अरविंद, आनंददेव और पंकज का कहना है कि यदि वन क्षेत्र में नियमित गश्त और निगरानी की जाती, तो इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई संभव नहीं थी। उन्होंने वन कर्मियों पर मिलीभगत का भी आरोप लगाया है। बताया गया कि सीधा (सिद्ध) की लकड़ी काफी मजबूत और टिकाऊ होती है, जिसका उपयोग मकान निर्माण, दरवाजे खिड़की, बल्लियां, फर्नीचर और खेतों में खंभे लगाने जैसे कार्यों में किया जाता है। बाजार में इसकी लकड़ी की अच्छी मांग रहती है, जिसके चलते लकड़ी तस्कर इस प्रजाति के पेड़ों को निशाना बनाते हैं। पर्यावरण प्रेमियों का कहना है कि इतने बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई होना और वन विभाग को इसकी भनक तक न लगना विभाग की कार्यशैली पर संदेह उत्पन्न करता है। इस संबंध में जब वन विभाग के एसडीओ अखिलेश सिंह पटेल से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है और वे इसकी जांच कराएंगे। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व किरवानी जंगल में भी दर्जनों सीधा के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया था, जिसकी सूचना म्योरपुर रेंजर जबर सिंह यादव को दी गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
.jpg)