आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जिले में जहरखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना शाहगंज और खेतासराय की संयुक्त पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर गैंग का पर्दाफाश किया है। हालांकि इस दौरान एक आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, चिरैया मोड़ बिलार मऊ रोड पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान टीम ने इन बदमाशों को दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी आकाश के पास से एक 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जबकि दूसरे आरोपी हनुमान के कब्जे से करीब 198 ग्राम नशीला पाउडर और एक डिब्बी में नशीली टिकिया बरामद की गई। तीसरे आरोपी की भी गिरफ्तारी की गई है, जिससे पूछताछ जारी है।
पुलिस ने बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त एक अल्टो कार तथा जहरखुरानी से लूटे गए सामान को बेचकर खरीदी गई एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। बरामद वाहनों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि गैंग लंबे समय से सक्रिय था और वारदातों को अंजाम देकर आर्थिक लाभ अर्जित कर रहा था।
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे ट्रेन और बस से उतरने वाले यात्रियों या सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे लोगों को निशाना बनाते थे। आरोपी उन्हें लिफ्ट देने के बहाने अपनी चार पहिया गाड़ी में बैठा लेते थे और फिर खाने-पीने की चीजों में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें बेहोश कर देते थे। इसके बाद उनके कीमती सामान और नकदी लूटकर उन्हें रास्ते में ही छोड़ देते थे।
पुलिस का कहना है कि यह गैंग न केवल जौनपुर बल्कि आसपास के अन्य जनपदों में भी सक्रिय था। फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार बदमाश की तलाश में दबिश दी जा रही है। साथ ही गैंग के अन्य सदस्यों और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
.jpeg)