आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। समाज विकास क्रांति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंह ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी देश में जाति और धर्म के आधार पर राजनीति कर समाज को बांटने का काम कर रही है।
अशोक सिंह ने कहा कि हाल के नीतिगत फैसलों के जरिए समाज में विभाजन पैदा किया जा रहा है, जो लोकतंत्र और सामाजिक एकता के लिए घातक है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की नीतियां आम जनता, खासकर सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ जा रही हैं, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है।
इस दौरान उन्होंने जौनपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बाबू सिंह कुशवाहा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनका कार्यकाल अब तक निराशाजनक रहा है। उन्होंने सांसद को क्षेत्र के विकास में असफल बताते हुए जनता की उम्मीदों पर खरा न उतरने का आरोप लगाया।
चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए अशोक सिंह ने कहा कि यदि देश में बैलेट पेपर से चुनाव कराए जाएं तो भारतीय जनता पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने ईवीएम की निष्पक्षता पर भी अप्रत्यक्ष रूप से सवाल खड़े किए।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि समाज विकास क्रांति पार्टी पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी। पार्टी जौनपुर समेत प्रदेश की कई विधानसभाओं में अपने प्रत्याशी उतारकर मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान भी किया।
