आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर रविवार को ‘नारी अभिनंदन’ एवं आगामी अंबेडकर जयंती की तैयारियों को लेकर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम गीत का सामूहिक गायन किया गया। जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सुशील उपाध्याय ने कहा कि 14 अप्रैल को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि उनके ‘अंत्योदय’ के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बस्ती-बस्ती जाकर सेवा कार्य करें तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास करें। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार ने बाबा साहेब से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उन्हें सम्मान देने का कार्य किया है।
एमएलसी बृजेश सिंह ने ‘नारी शक्ति’ की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर प्रत्येक बूथ और वार्ड स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा बाबा साहेब के योगदान पर युवाओं के बीच चर्चा आयोजित की जाए।
अध्यक्षीय संबोधन में जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भाजपा पूरे उत्तर प्रदेश में लाखों स्थानों पर एक साथ अंबेडकर जयंती मनाने जा रही है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है जिसने बाबा साहेब को उचित सम्मान दिलाने का कार्य किया है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं बिना भेदभाव के समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को सशक्त बना रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सामाजिक समरसता और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ पार्टी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। बाबा साहेब का संविधान देश के लिए मार्गदर्शक है और उनके आदर्श सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया। इस अवसर पर जिला संयोजक संदीप तिवारी समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
