कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद अम्बेडकरनगर में गैस एजेंसियों पर कालाबाजारी और अनियमितताओं के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। ताजा मामला जहांगीरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत जहांगीरगंज का है, जहां एक उपभोक्ता के साथ कथित रूप से बड़ी जालसाजी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत जहांगीरगंज वार्ड संख्या-10 के एक उपभोक्ता ने बताया कि उसने दिसंबर माह के अंतिम दिनों में गैस सिलेंडर बुक कराया था, जो उसे प्राप्त भी हुआ। इसके बाद जब उसने अप्रैल माह में पुनः गैस बुक कराने का प्रयास किया, तो एजेंसी द्वारा उसे यह कहकर मना कर दिया गया कि 45 दिन की अवधि पूरी होने के बाद ही अगली बुकिंग संभव है।
जब उपभोक्ता ने इस संबंध में अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए अपने मोबाइल फोन से गैस बुकिंग का विवरण जांचा, तो वह हैरान रह गया। जांच में पता चला कि उसके नाम पर फरवरी माह में गैस की बुकिंग की गई और उसे “डिलीवर” भी दिखा दिया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि उसे न तो कोई सिलेंडर प्राप्त हुआ और न ही उसके पासबुक या रिकॉर्ड में इसका कोई उल्लेख है।
इस घटना से यह आशंका प्रबल हो गई है कि गैस एजेंसी स्तर पर फर्जी बुकिंग कर सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है। उपभोक्ता का आरोप है कि जब उसने इस मामले में अवि मौर्या इंडेन सर्विस के हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया, तो या तो फोन नहीं उठाया गया या फिर अभद्र व्यवहार करते हुए कॉल काट दी गई।
पीड़ित उपभोक्ता ने बताया कि वह इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल (IGRS) के माध्यम से उच्च अधिकारियों से करेगा, ताकि दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई हो सके।
गौरतलब है कि सरकार द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार प्रत्येक उपभोक्ता 45 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर की बुकिंग कर सकता है, लेकिन इस मामले में उपभोक्ता के नाम पर बिना जानकारी के ही सिलेंडर की बुकिंग और बिक्री दिखा दी गई, जो एक गंभीर अनियमितता और भ्रष्टाचार की ओर संकेत करता है।
अब बड़ा सवाल यह उठता है कि जब प्रशासन की नाक के नीचे इस तरह का खेल चल रहा है, तो जिम्मेदार अधिकारी इस पर कब तक चुप्पी साधे रहेंगे। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है तथा आम उपभोक्ताओं का शोषण इसी प्रकार जारी रहेगा।
