आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मछलीशहर के नेतृत्व में मछलीशहर पुलिस व पवारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, कुँवरपुर के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों को रोकने का प्रयास किया गया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मछलीशहर द्वारा की गई फायरिंग में एक बदमाश सत्येन्द्र कुमार दोबरे उर्फ सुमित नारायण के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। वहीं दूसरा अभियुक्त गुड्डू उर्फ इकरार मोटरसाइकिल से गिरकर घायल हो गया। दोनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 4 लाख 20 हजार रुपये नकद, एक तमंचा (.315 बोर), एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
लूट की वारदात का हुआ खुलासा
पूछताछ में अभियुक्तों ने 7 अप्रैल 2026 को बदलापुर थाना क्षेत्र में हुई लूट की घटना को स्वीकार किया। पीड़ित सुर्यमणि मिश्रा बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में मुस्तफाबाद स्थित यूनियन बैंक के पास चाय पीने के दौरान बदमाशों ने उनकी बाइक की डिग्गी से रुपये पार कर दिए थे। इस संबंध में थाना बदलापुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और उनसे अन्य घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। इस सफलता से क्षेत्र में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।
