आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद के केराकत कोतवाली क्षेत्र के देवकली गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब अज्ञात हमलावरों ने एक विद्युत विभाग के ठेकेदार के घर में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली ठेकेदार को नहीं लगी और वह बाल-बाल बच गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवकली निवासी उदय प्रताप यादव, जो झारखंड में विद्युत विभाग के ठेकेदार हैं, कुछ दिनों पहले ही अपने पैतृक गांव आए थे। उनके घर के प्रथम तल पर निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान टाइल्स लगाने को लेकर उनका एक स्थानीय मिस्त्री से विवाद हो गया था, जो बाद में गंभीर रंजिश में बदल गया।
बताया जा रहा है कि इसी विवाद के चलते सोमवार को मिस्त्री अपने कई साथियों के साथ मोटरसाइकिलों से ठेकेदार के घर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उदय प्रताप यादव को बाहर बुलाया और जैसे ही वह बरामदे में आए, एक बदमाश ने उन पर पिस्टल से फायर झोंक दिया। हालांकि, निशाना चूक जाने से गोली पास में रखी चौकी में जा लगी, जिससे उनकी जान बच गई।
घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। ठेकेदार ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह हल्के रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके से एक खोखा बरामद किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इस वारदात के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।
