देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। सदर कोतवाली पुलिस ने एक वाहन से 50 किलो गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। उड़ीसा से गांजा लेकर तस्कर मिर्जापुर के साथ ही आस-पास के क्षेत्रों में बेचने के लिए जा रहे थे। पुलिस से बचने के लिए वाहन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाया गया था।
सदर कोतवाली में रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एएसपी अनिल कुमार ने तस्करों को मीडिया से रूबरू कराया। एएसपी के अनुसार तस्करों की पहचान राजकुमार पुत्र लुहुर उर्फ माता प्रसाद निवासी ग्राम विजयपुर थाना विन्ध्याचल मिर्जापुर, शिवम यादव पुत्र जगरनाथ यादव निवासी ग्राम अतरैला बेलन बरौधा थाना लालगंज मिर्जापुर व अभिषेक सोनकर पुत्र पप्पू निवासी ग्राम विजयपुर थाना विन्ध्याचल मिर्जापुर के रूप में की गई है। एएसपी ने बताया कि मादक पदार्थो की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अभियान चलाया जा रहा है। इस कम में बीती रात सदर कोतवाली पुलिस ने रात्रि चेकिंग के दौरान चुर्क पहाड़ी पर विराजमान बाबा पंचमुखी मंदिर के सामने मुख्य सड़क के पास से मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध बोलेरो वाहन की तलाशी लिया तो उसमें से 50 किलो गांजा बरामद हुआ। इस पर पुलिस टीम ने वाहन सवार उक्त तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तस्करों ने बताया है कि वे उड़ीसा राज्य से गांजा लाकर मीरजापुर व आसपास के क्षेत्रों में आपूर्ति करते हैं। पुलिस से बचने के लिए वाहन में फर्जी नंबर प्लेट का प्रयोग करते हैं। पुलिस टीम में एसओजी / सर्विलांस प्रभारी राजेश जी चौबे के अलावा विनोद कुमार यादव, अनिल विश्वकर्मा, सतीश सिंह पटेल, रितेश सिंह पटेल, अजीत कुमार, अजीत यादव, दिनेश कुमार, संदीप कुमार यादव आदि पुलिस कर्मी शामिल रहे।
.jpeg)