आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।वाराणसी–सुल्तानपुर रेल प्रखंड के श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी यार्ड में एक दर्दनाक हादसे में अज्ञात युवक की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। घटना हरपालगंज रेलवे स्टेशन के बीच भलुवाई गांव के पास तड़के लगभग 3 बजे की बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 25 से 30 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। वह नीले रंग की जींस पैंट और नीली टी-शर्ट पहने हुए था। बताया जा रहा है कि वाराणसी की ओर से लखनऊ जा रही एक मालगाड़ी की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मालगाड़ी के चालक द्वारा हरपालगंज स्टेशन को दी गई, जिसके बाद श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर ने इसकी जानकारी जौनपुर सिटी स्टेशन को दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी के जवान मौके पर पहुंच गए। स्थानीय थाना बदलापुर पुलिस एवं लंभुआ क्रॉसिंग के गेटमैन भी घटनास्थल पर मौजूद रहे।
जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार उसे जिला अस्पताल के मुर्दाघर में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवा दिया है, ताकि मृतक की पहचान कराई जा सके। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के क्षेत्रों में पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस हादसे के चलते रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। हावड़ा से देहरादून जाने वाली दून एक्सप्रेस ट्रेन श्री कृष्णा नगर रेलवे स्टेशन पर लगभग 20 से 25 मिनट तक खड़ी रही, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ा।
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान और घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
.jpeg)