आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। सरायख्वाजा क्षेत्र के जंगीपुर कला स्थित रघुवर गंगा स्मारक बालिका विद्यालय परिसर में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए शिक्षक एमएलसी एवं समाजवादी नेता प्रतिपक्ष लालबिहारी यादव ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने की दिशा में काम कर रही है और पुरानी पेंशन बहाली व वित्तविहीन शिक्षकों के मानदेय बढ़ाने जैसे मुद्दों पर पूरी तरह उदासीन है।
उन्होंने कहा कि सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार और घोटालों में वृद्धि हुई है, जबकि विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं, जिन्हें भरा नहीं जा रहा है। शिक्षकों की हालत दयनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि आज शिक्षक आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वहीं बीएड, बीटीसी, पीएचडी, नेट और जेआरएफ जैसी उच्च शिक्षा प्राप्त युवा बेरोजगार हैं और अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो रहे हैं। उन्होंने परीक्षा प्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पेपर लीक की घटनाएं आम हो गई हैं और शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
समाजवादी पार्टी की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए लालबिहारी यादव ने कहा कि पार्टी के कई नेता जमीनी स्तर से कट चुके हैं और सोशल मीडिया तक सीमित हो गए हैं। उन्होंने युवाओं को नसीहत दी कि केवल फोटो खिंचवाने और व्हाट्सएप-फेसबुक की राजनीति से बदलाव नहीं आएगा, बल्कि गांव-गरीब के बीच जाकर काम करना होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में संघर्ष की भावना कमजोर हो रही है, जिसे मजबूत करने की जरूरत है।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजनाओं के जरिए लोगों को प्रभावित कर वोट हासिल करने की कोशिश कर रही है, जबकि रोजगार जैसे मूलभूत मुद्दों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे दमन का सामना करना पड़ता है। लोगों को जागरूक होने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में संतुलन बनाकर समाजवादी विचारधारा को मजबूत करना होगा।
सभा में उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि संविधान ने सभी को समान वोट का अधिकार दिया है, इसलिए भेदभाव, भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है। उन्होंने सभी को शिक्षा और सम्मान दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नेता प्रतिपक्ष का माल्यार्पण कर स्वागत किया और शिक्षकों ने अपनी समस्याएं उनके सामने रखीं। कार्यक्रम का संचालन और धन्यवाद ज्ञापन राजेंद्र यादव ने किया। इस अवसर पर प्रबंधक डॉ. जगन्नाथ प्रसाद यादव, समाजसेवी राजदेव यादव, मंगरूराम मौर्य, जयहिंद यादव, उदयराज विश्वकर्मा, डॉ. ओमप्रकाश यादव, रामानंद यादव, डॉ. जोगेंद्र प्रसाद यादव, आलोक यादव, अजय यादव, संतोष कवि, उमाशंकर और चंदन यादव सहित कई लोग उपस्थित रहे।
.jpeg)