देवल, ब्यूरो चीफ,ओबरा, सोनभद्र। मिल्लत नगर स्थित करियर कॉन्वेंट एजुकेशनल स्कूल में विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मातृत्व फाउंडेशन सोनभद्र द्वारा वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर शनि पीठाधीश्वर महाराज एवं आर.के. उपाध्याय मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य
दीनानाथ शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं, बल्कि यह बच्चों की छिपी प्रतिभा को निखारने का माध्यम है। उन्होंने छात्रों की मेहनत और लगन की सराहना की। कार्यक्रम में मातृत्व फाउंडेशन की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई। फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने छात्रों को सम्मानित करते हुए शिक्षा के महत्व और समाज निर्माण में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। इस दौरान जयशंकर भारद्वाज (अध्यक्ष), दयाशंकर राय (सचिव), अशोक सिंह (उपाध्यक्ष) एवं कृष्ण कुमार पांडे (उपाध्यक्ष) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सम्मान पाकर छात्रों के चेहरे खुशी से खिल उठे। शिक्षकों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से छात्रों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है और वे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं।
.jpg)