कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अंबेडकरनगर जनपद के आलापुर तहसील क्षेत्र के अमड़ी गांव निवासी मयंक मौर्य ने पीसीएस परीक्षा 2024 में सफलता प्राप्त कर सेल्स टैक्स ऑफिसर पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।मयंक मौर्य, डॉ. राधेश्याम मौर्य के पुत्र हैं तथा उनकी माता का नाम मालती देवी है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और खास मित्रों को दिया। मयंक का कहना है कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत और संघर्ष करने से सफलता अवश्य मिलती है।उनकी प्रारंभिक शिक्षा अमड़ी क्षेत्र के अवध चिल्ड्रन एकेडमी, तिघरा दाउदपुर में कक्षा 1 से 8 तक हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा 9 से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई महात्मा गोविंद साहब इंटर कॉलेज, दुल्हपुर से पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए वे प्रयागराज गए, जहां से उन्होंने स्नातक की शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी की।मयंक पिछले 5 वर्षों से लगातार पीसीएस की तैयारी कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कई बार प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण कर मुख्य परीक्षा तक का सफर तय किया, लेकिन सफलता तीसरी कोशिश में मिली। पीसीएस 2024 की परीक्षा में उन्होंने प्रारंभिक, मुख्य एवं साक्षात्कार तीनों चरण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कर सेल्स टैक्स ऑफिसर पद प्राप्त किया।उनकी इस सफलता पर गांव में भव्य उत्सव का माहौल देखने को मिला। समाजसेवी रमेश मौर्य के नेतृत्व में उनका जोरदार स्वागत किया गया। ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और काफिलों के साथ मयंक मौर्य को उनके घर तक सम्मानपूर्वक लाया गया।इस अवसर पर समाजसेवी रमेश मौर्य,बसपा नेता जयप्रकाश मौर्य, विधानसभा प्रभारी आलापुर राजमणि गौतम, धर्मेंद्र मौर्य, दीपक मौर्य (प्रधान), कुलदीप मौर्य, अभिषेक मौर्य, एडवोकेट अनिरुद्ध मौर्य, आत्मा मौर्य, रणविजय मौर्य, रामकवल मौर्य, रानाप्रताप मौर्य, एडवोकेट दीपनारायण गौतम, राहुल मौर्य सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे और सभी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
मयंक मौर्य की इस सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।
