देवल संवाददाता, लखनऊ।उत्तर प्रदेश में आज डॉ भीमराव आंबेडकर की जयंती मनाई जा रही है। प्रदेश में इस वर्ष आंबेडकर जयंती केवल स्मृति दिवस के रूप में नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, जागरुकता और जनसंपर्क के व्यापक अभियान के रूप में मनाई जा रही है।
राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित आंबेडकर प्रतिमा पर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने बाबा साहेब को पुष्पार्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर उन्होंने सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प लिया। कहा कि हजारों साल के संघर्ष के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी। हमारा संविधान सम्मान और अधिकारों का आधार है।
सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा संविधान बदलने की मंशा रखती है। संविधान बचाने के लिए यूपी की जनता का धन्यवाद है। संविधान कागज नहीं, लोहे की तलवार है। यह न्याय और सम्मान दिलाने वाला है।
उन्होंने कहा कि नोएडा में जो कुछ हुआ, वह इस सरकार की नाकामी की वजह से हुआ। सरकार को इसकी जानकारी थी। इसके बावजूद इसे होने दिया गया। अगर, यह कोई साज़िश है, तो इसके लिए सीएम और भाजपा ज़िम्मेदार है। 2027 में भाजपा सत्ता से बाहर हो जाएगी। हम सब मिलकर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने के लिए काम करेंगे।
