आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर (जौनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार रेलवे कर्मी की जान चली गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही गांव निवासी 40 वर्षीय शरद तिवारी जंघई रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भिखारीपुर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, सड़क किनारे खड़े एक डंफर से उनकी बाइक टकरा गई।
बताया जा रहा है कि डंफर बिना किसी संकेत या लाइट के सड़क किनारे गलत तरीके से खड़ा था, जिससे अंधेरे में उसे देख पाना मुश्किल हो गया और यह हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शरद गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। लेकिन इलाज के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनीत राय ने बताया कि मृतक के बेटे अभय की तहरीर पर अज्ञात डंफर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही से खड़े भारी वाहनों के खतरे को उजागर कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
