आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। जनपद में शिक्षा के प्रसार और प्रत्येक बच्चे को विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “स्कूल चलो अभियान” के तहत विकासखंड बक्सा के प्राथमिक विद्यालय सदरूद्दीनपुर में विशेष नामांकन अभियान उत्साह, जागरूकता और जनभागीदारी के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षा के प्रति ग्रामीणों का सकारात्मक रुझान देखने को मिला।
अभियान के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल स्वयं गांव पहुंचे और घर-घर जाकर बच्चों का नामांकन कराया। उन्होंने अभिभावकों से संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व के बारे में बताया और अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों की इस सक्रिय पहल का ग्रामीणों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
इस विशेष अभियान के तहत कुल 25 नए बच्चों का नामांकन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अध्यापकों ने नव नामांकित बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया। साथ ही उन्हें किताबें, कॉपियां और पेंसिल वितरित कर पढ़ाई के प्रति उत्साहित किया गया, जिससे बच्चों में विद्यालय के प्रति आकर्षण बढ़े।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी, ग्राम प्रधान विंध्यवासिनी उपाध्याय, समस्त शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, गांव के सम्मानित नागरिक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और संकल्प लिया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
इस अभियान के माध्यम से शिक्षा के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि समाज का हर वर्ग जागरूक हो और आने वाली पीढ़ी को बेहतर भविष्य मिल सके।
.jpeg)