वैभव सूर्यवंशी ने महज 15 साल की उम्र में गेंदबाजों में अपना खौफ भर दिया है। उनका बल्ला जिस तरह से चलता है उससे गेंदबाज डरते हैं। उन्होंने कई ऐसे कीर्तिमान स्थापित कर दिए हैं जिन्हें सोचकर ही युवा खिलाड़ी उत्साहित हो जाते हैं, लेकिन वैभव यहीं नहीं रुक रहे हैं। उन्होंने अपनी आंखों में कई ख्वाब पाले हैं और उनमें से एक है टी20 में दोहरा शतक जमाने का।
वैभव ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरस से बात करते हुए अपने इरादे बताए और कहा कि वह क्रिस गेल के 175 रनों के रिकॉर्ड को तोड़ टी20 में दोहरा शतक जमाने की फिराक में हैं।
साफ हैं इरादे
पीटरसन ने जब वैभव से पूछा कि क्या वह अर्धशतक जमाने के बाद जश्न मनाते हैं? इस पर वैभव ने कहा, "नहीं, ज्यादा नहीं।"
इसके बाद ये बातचीत उनकी महत्वाकांक्षाओं पर चली गई। इस दौरान वैभव ने साफ कर दिया कि जो आम बेंचमार्क हैं वो उनके पीछे ज्यादा खुश नहीं होते। उन्होंने कहा, "मैं टी20 में 200 रन बनाना चाहता हूं। उनका (क्रिस गेल) रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूं और दोहरा शतक बनाना चाहता हूं।"
अभी टी20 क्रिकेट में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड गेल के नाम हैं। उन्होंने आईपीएल-2013 में आरसीबी से खेलते हुए पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 175 रनों की पारी खेली थी। इस रिकॉर्ड को अभी तक कोई नहीं तोड़ पाया है।
पूरे 20 ओवर खेलने जरूरी
वैभव जब ये बात कह रहे थे तो उनके चेहरे पर आत्मविश्वास दिख रहा है। पीटरसन ने पूछा कि जब आप शतक बनाते हो तो फिर आप सोचते होगे कि ये आधा रास्ता तय हुआ है। वैभव ने जवाब देते हुए कहा, "अगर मैं मैच में पूरे 20 ओवर खेलूंगा तो 175 रनों का रिकॉर्ड तोड़ सकता हूं।"
दबाव के बारे में वैभव ने कहा, "नहीं। कभी नहीं। मैं सिर्फ अपना स्वाभाविक खेल खेलता हूं।"
