कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जिलाधिकारी ने शनिवार को जिला अस्पताल स्थित कम्प्रिहेंसिव मेडिकल, सर्जिकल एंड एक्सीडेंटल इमरजेंसी यूनिट का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं भौतिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं मरीजों को प्रदान की जा रही सेवाओं का गहन अवलोकन किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आईसीयू कक्ष, ऑपरेशन थियेटर (ओटी), डॉक्टर कक्ष, सामान्य वार्ड एवं शौचालय आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप सुव्यवस्थित एवं क्रियाशील बनी रहें तथा मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से अस्पताल में तैनात डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों एवं अन्य कर्मचारियों की उपलब्धता तथा उनकी ड्यूटी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। तथा ड्यूटी चार्ट लगाए जाने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मरीजों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, आपातकालीन सेवाओं एवं आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य को बेहतर एवं त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा जाए तथा सभी व्यवस्थाएं निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित की जाएं।
