देवल संवाददाता, आजमगढ़ के नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर विषम गांव में भूमि विवाद को लेकर एक परिवार के भीतर तनाव बढ़ता जा रहा है। गांव निवासी अकील अहमद पुत्र अली अजहर ने अपने सगे भाइयों पर विवादित जमीन पर जबरन कब्जा करने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित अकील अहमद के अनुसार, उनके भाई लियाकत अली और वसीम अहमद (पुत्र अली अजहर) विवादित जमीन पर अवैध निर्माण कर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
अकील अहमद का कहना है कि मामला पहले से ही मंडलायुक्त कोर्ट में विचाराधीन है, इसके बावजूद आरोपी पक्ष जबरन कब्जा करने में लगा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष अपने रसूख के दम पर पुलिस पर दबाव बना रहा है, जिसके चलते उनकी शिकायत पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।
पीड़ित ने यह भी कहा कि कई बार पुलिस से शिकायत करने के बावजूद उनकी सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे वह खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
इस मामले में अब तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो विवाद और बढ़ सकता है।
