संतोष,देवल ब्यूरो,आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर जगनंदन पट्टी गांव में सोमवार को उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब एक समुदाय द्वारा बिना प्रशासनिक अनुमति के भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रयास किया गया। इस घटना ने गांव का माहौल अचानक तनावपूर्ण बना दिया और देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए।
स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने प्रतिमा स्थापना का विरोध करते हुए कहा कि बिना अनुमति इस तरह का कार्य कानून व्यवस्था को प्रभावित कर सकता है। विरोध के चलते स्थिति बिगड़ने लगी और किसी बड़े टकराव की आशंका पैदा हो गई।सूचना मिलते ही कप्तानगंज थानाध्यक्ष जयप्रकाश भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल स्थिति को संभालते हुए दोनों पक्षों को समझाया और संभावित विवाद को टालने के लिए कड़ा कदम उठाते हुए प्रतिमा को मौके से हटाकर थाने ले जाया गया।
थानाध्यक्ष जयप्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में प्रतिमा स्थापना के लिए प्रशासन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। फिलहाल प्रतिमा को कब्जे में लेकर पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है। साथ ही अधिकारियों ने कहा है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्ती बरती जाएगी।