आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर।भारतीय जनता पार्टी द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी मौजूद रहीं, जिन्होंने इस अधिनियम को देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने वाला ऐतिहासिक कदम बताया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सीमा द्विवेदी ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि इस कानून के लागू होने से संसद और विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित होगी, जिससे नीति निर्माण में उनकी भूमिका और प्रभाव दोनों बढ़ेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार लगातार महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए काम कर रही है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, उज्ज्वला योजना, मातृत्व वंदना योजना जैसी कई योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से मजबूत बनाना है।
प्रेस वार्ता में उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों ने भी अधिनियम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे देश के लोकतंत्र को और मजबूत बनाने वाला कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं को नेतृत्व के अधिक अवसर मिलेंगे और देश के विकास में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।
कार्यक्रम के अंत में पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की गई कि वे इस अधिनियम की जानकारी आम जनता तक पहुंचाएं और महिलाओं को इसके प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं राजनीति में आगे आकर देश और समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सकें।
