कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जनपद के बसखारी ब्लॉक अंतर्गत हरैया गांव में गुरुवार को मृदा परीक्षण अभियान एवं जैव उर्वरक अभियान का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 60 किसानों ने भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त की।
अभियान में इफको के वरिष्ठ क्षेत्र प्रबंधक डॉ. देवी प्रसाद ने किसानों को संबोधित करते हुए नैनो तकनीक आधारित उर्वरकों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, नैनो जिंक, नैनो कॉपर तथा एनपीके कंसोर्टिया के उपयोग, लाभ और सही मात्रा के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन उर्वरकों के प्रयोग से लागत में कमी के साथ उत्पादन में वृद्धि संभव है। इस दौरान एसएफए हॉटस्पॉट अभय वर्मा ने मृदा परीक्षण की प्रक्रिया और उससे होने वाले लाभों पर प्रकाश डालते हुए किसानों को बताया कि नियमित मिट्टी जांच से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन बेहतर किया जा सकता है।
इफको ई-बाजार बसखारी केंद्र प्रभारी आदित्य कुमार ने जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए बायोडिकंपोजर के उपयोग और उसके फायदों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को मिट्टी परीक्षण के लिए सही तरीके से नमूना लेने की विधि भी समझाई।
कार्यक्रम में पूर्व प्रधान हरैया श्री दीप चंद, इफको ई-बाजार रामनगर केंद्र के सहायक साहित्य पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। अभियान के अंत में जैव उर्वरक योजना के तहत उपस्थित किसानों को बायोडिकंपोजर वितरित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन से किसानों में नई कृषि तकनीकों को अपनाने के प्रति उत्साह देखने को मिला।
