देवल संवाददाता, मऊ।आईपीएल में दिल्ली कैपिटल की फ्रेंचाईजी द स्पोर्ट स्कूल की ओर आयोजित डीसी ग्लोबल एकेडमी कप में बतौर कप्तान खेलने वाले जनपद के उभरते क्रिकेट खिलाड़ी रुद्रांश सोमवंशी को उनके चहुमुंखी प्रदर्शन के लिए मंगलवार को सम्मानित किया गया। जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मान समारोह में संघ के जिलाध्यक्ष डॉ संजय सिंह ने कहा कि रुद्रांश ने अपनी टीम को लीड करते हुए आयोजित मैंचों में दो बार मैन आफ द मैन तथा पूरे टूर्नामेंट में सबसे शानदार प्रदर्शन के लिए मैन आफ सीरिज व बेस्ट बैटर का अवार्ड प्राप्त किया जो अपने जिले के लिए गर्व का विषय है। संघ सचिव साबिर खान ने कहा कि बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनून रखने वाले रुद्रांश का यह प्रदर्शन नये खिलाड़ियों को प्रेरणा प्रदान करेगा। संघ के उपाध्यक्ष डॉ सुजीत सिंह ने कहा कि नई प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने के लिए जिला क्रिकेट संघ द्वारा सतत प्रयास किया जा रहा है। आने वाले कल में और बच्चे भी राष्ट्रीय फलक पर खेलते नजर आएंगे। सम्मान समारोह में रुद्रांश को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। इस दौरान गरिमा उपाध्याय,लक्ष्मी, अंजू यादव,सचिन,करन सहित सभी बच्चों ने माल्यार्पण कर रुद्रांश का स्वागत किया।
