देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। चोपन विकास खंड के ग्राम पंचायत बिल्ली मारकुंडी स्थित मां शारदा कॉलोनी में वर्षों से बनी प्रकाश व्यवस्था की समस्या अब बड़ा मुद्दा बनती जा रही है। स्थानीय लोगों की लगातार अनदेखी से आक्रोशित भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष अरविंद सोनी ने रविवार को उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री संजीव सिंह गोंड को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समाधान की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि वार्ड नंबर 9 की यह कॉलोनी घनी आबादी वाला क्षेत्र है, लेकिन यहां स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था न होने से पूरा इलाका रात होते ही अंधेरे में डूब जाता है। स्थिति इतनी गंभीर है कि राहगीरों का चलना तक मुश्किल हो जाता है, जिससे दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका लगातार बनी रहती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को अवगत कराने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। महिलाओं और बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है, वहीं शाम ढलते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो जाते हैं। अरविंद सोनी ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्थानीय जनता आंदोलन के लिए बाध्य होगी। उन्होंने इसे जनसुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए प्राथमिकता पर कार्रवाई की मांग की। वहीं, राज्य मंत्री संजीव सिंह गोंड ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग को तत्काल निर्देश जारी कर कॉलोनी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
.jpg)