आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर: जिले के बक्सा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बभनोटी टेकारी निवासी आलोक मिश्रा (47 वर्ष), पुत्र रमाकांत मिश्रा, अपने मित्र अमित मिश्रा के साथ जौनपुर शहर में एक शादी का निमंत्रण देने गए थे। बुधवार रात लगभग 10 बजे दोनों बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर रिश्ते में उनके चाचा के लड़के हैं, जिनसे परिवार का पुराना विवाद चल रहा था। आरोपियों ने लाठी-डंडों और सरिया से दोनों को बुरी तरह पीट दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े। इस दौरान आलोक मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमित मिश्रा गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को 108 एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने आलोक मिश्रा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अमित मिश्रा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया है।
मामले की जानकारी मिलते ही बक्सा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मृतक के भाई के अनुसार, आरोपियों से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले ही आरोपियों ने उनकी मां के साथ मारपीट कर उनका हाथ तोड़ दिया था, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव और बढ़ गया था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
