देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों को धोखाधड़ी के जरिए मादक पदार्थ तस्करी में फंसा देता था। पुलिस के अनुसार, 14 मार्च 2026 को बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर सियरहा निवासी सुनील यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग उसे विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगकर ड्रग्स तस्करी में शामिल कर रहे हैं। इस मामले में रानी की सराय थाने पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान कई आरोपियों के नाम सामने आए, जिनमें संदीप विश्वकर्मा, डॉ. फहीम खां, आदिल और नसीम आलम उर्फ भोनू शामिल थे। मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत भी आरोप बढ़ाए गए। रविवार सुबह करीब 6:20 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम बेलइसा में छापेमारी कर डॉ. फहीम खां और आदिल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्त मऊ जनपद के घोसी थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे संदीप विश्वकर्मा के निर्देश पर नसीम आलम उर्फ भोनू को मादक पदार्थ उपलब्ध कराते थे, जिसे आगे शम्भू यादव उर्फ श्याम यादव के जरिए विदेश जाने वाले लोगों को दे दिया जाता था। इस तरह एक सुनियोजित तरीके से लोगों को धोखे में रखकर तस्करी में फंसाया जाता था। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नौकरी का झांसा देकर भेजते थे मादक पदार्थ, पूछताछ में नेटवर्क का हुआ पर्दाफाश
अप्रैल 12, 2026
0
Tags
