देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। विकास खंड म्योरपुर की एक ग्राम पंचायत में रिबोर कार्य के नाम पर अधिक धन खर्च किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय सूत्रों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार 6 अगस्त 2025 को 90,515 रुपए खर्च दिखाया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित स्थल पर रिबोर का कार्य तो कराया गया, लेकिन ऑनलाइन दर्शाई गई राशि वास्तविक खर्च से अधिक प्रतीत हो रही है। इसको लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और पारदर्शिता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। इस संबंध में जब एडीओ पंचायत म्योरपुर से बात की गई तो उन्होंने उक्त बाउचर को फर्जी बताते हुए ऐसे किसी खर्च से इंकार किया। उन्होंने कहा कि यदि पोर्टल पर इस प्रकार की प्रविष्टि दर्ज है तो इसकी जांच कराई जाएगी। वहीं ग्राम पंचायत के सचिव अरशद खान की भूमिका को लेकर भी संदेह व्यक्त किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि मामला सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए, वहीं यदि बाउचर फर्जी है तो इसे ऑनलाइन दर्ज किए जाने के पीछे की वजह भी स्पष्ट की जानी चाहिए।
.jpg)