देवल संवाददाता, आजमगढ़। थाना मेंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गैंगेस्टर एक्ट में वांछित 50 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी गोवध से जुड़े संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ पुत्र इस्माइल निवासी खौरा रसूलपुर व्यवहरा थाना मुबारकपुर, जनपद आजमगढ़ है। वह अपने साथियों के साथ मिलकर प्रतिबंधित पशुओं की चोरी कर उन्हें गैर प्रांत ले जाकर अवैध गतिविधियों में शामिल रहता था। इस गिरोह के खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं और क्षेत्र में इनके आतंक के कारण लोग शिकायत करने से भी डरते थे।
गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। पहले इस आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे बाद में बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया। अंततः 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर मेंहनगर पुलिस और एसटीएफ टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करनेहुआ डिग्री कॉलेज के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पर चोरी, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गैंगेस्टर एक्ट के तहत भी उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही थी।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक निहार नन्दन कुमार के साथ मेंहनगर थाने के पुलिसकर्मी और एसटीएफ प्रयागराज की टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
