शहर के समग्र विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जीडीए की बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित हुई। अध्यक्षता आयुक्त एवं जीडीए के अध्यक्ष अनिल ढींगरा ने की। इसमें बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 में जीडीए की कुल आय 690.02 करोड़ रुपये रही थी, जबकि 2025-26 में यह बढ़कर 691.32 करोड़ रुपये हो गई।
वहीं, 2026-27 में इसे बढ़ाकर 1099.90 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे साफ है कि आने वाले समय में जीडीए अपनी आय में बड़ा इजाफा करने की योजना बना रहा है। खर्च के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2024-25 में यह 665.03 करोड़ रुपये रहा, जो 2025-26 में घटकर 620 करोड़ हो गया।
हालांकि 2026-27 में विकास कार्यों को गति देने के लिए इसे बढ़ाकर 1083.94 करोड़ तक करने का प्रस्ताव है। जीडीए के अपने स्रोतों से होने वाली आय में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 2024-25 में यह 402.93 करोड़ थी, जो 2025-26 में बढ़कर 647.02 करोड़ हो गई। 2026-27 में इसे 710.36 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की दोगुनी होगी क्षमता
बैठक में शहर के विकास को गति देने के लिए भौतिक एवं सामाजिक अवस्थापना को सुदृढ़ करने पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही पुराने, जर्जर और असुरक्षित भवनों के पुनर्निर्माण से संबंधित शासनादेश को बोर्ड ने स्वीकार किया। इससे भविष्य में ऐसे भवनों के पुनर्विकास का रास्ता साफ हो गया है जिनसे शहर की सुरक्षा और संरचना दोनों बेहतर होंगी।
बैठक में ग्राम कोनी में प्रस्तावित पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय की क्षमता को दोगुना करने का भी निर्णय लिया गया। पीएसी महिला बटालियन के लिए आवंटित भूमि के उपयोग परिवर्तन को स्वीकृति दी गई।
गुरुकुल सिटी में शुरू होंगे निर्माण कार्य
गुरुकुल सिटी योजना के अंतर्गत सड़कों के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि योजना के तहत सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं समयबद्ध तरीके से विकसित की जाएं ताकि लोगों को बेहतर आवासीय वातावरण मिल सके। बैठक में डीएम दीपक मीणा, जीडीए उपाध्यक्ष आनंद वर्धन आदि माैजूद रहे।
