देवल संवाददाता, आजमगढ़। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ लखनऊ और गम्भीरपुर पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मिनी कंटेनर ट्रक से करीब 354 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 34 लाख रुपये बताई जा रही है।
आजमगढ़ के थाना गम्भीरपुर क्षेत्र में 12 मार्च को एसटीएफ लखनऊ की टीम और गम्भीरपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ प्रांत से एक मिनी कंटेनर ट्रक में भारी मात्रा में अवैध गांजा लाकर आजमगढ़ की ओर सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम प्रभारी उपनिरीक्षक फैजुद्दीन सिद्दीकी और थानाध्यक्ष गम्भीरपुर अखिलेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ अमौड़ा टोल प्लाजा के पास वाहन चेकिंग करने लगे।
चेकिंग के दौरान टोल प्लाजा से करीब 200 मीटर पहले एक मिनी कंटेनर आता दिखाई दिया। पुलिस ने ट्रक को रोककर चालक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम राजीव कुमार यादव पुत्र तिलक सिंह निवासी ग्राम सुरैंदा फूलपुर थाना अजीतमल जनपद औरैया। वाहन की तलाशी लेने पर ट्रक में बनाई गई प्लास्टिक की गुप्त कैविटी में छिपाकर रखी गई 14 बोरियों से कुल 353.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
इसके बाद पुलिस ने अभियुक्त को अमौड़ा टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार कर लिया। बरामदगी के आधार पर थाना गम्भीरपुर में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वह छत्तीसगढ़ के रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से अवैध गांजा लाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सप्लाई करता है। पुलिस से बचने के लिए वह मिनी कंटेनर ट्रकों में बनाई गई गुप्त कैविटी और प्लास्टिक की बोरियों में गांजा छिपाकर ले जाता था, जिससे सामान्य चेकिंग में पकड़ में आने की संभावना कम रहती थी।