देवल संवाददाता, मऊ।जिला स्वास्थ्य समिति के शासी निकाय की बैठक जिलाधिकारी श्री प्रवीण मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। बैठक के दौरान सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राइवेट स्वास्थ्य केंद्रों में हुए संस्थागत प्रसव की समीक्षा के दौरान विकासखंड परदहा एवं बड़रॉव में संस्थागत प्रसव में कमी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित एमओआईसी को इसमें सुधार लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्रसव के बाद 21 दिन के अंदर जन्म प्रमाण पत्र जारी करने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने प्राइवेट स्वास्थ्य केंद्रों में संस्थागत प्रसव होने के उपरांत उसकी सूचना देने के साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करने के भी निर्देश दिए जिससे कि जन्म प्रमाण पत्र जारी किया जा सके। जननी सुरक्षा योजना अंतर्गत ब्लॉकवार आशा भुगतान की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा के दौरान सभी आशाओं का माह फरवरी 2026 तक भुगतान पूर्ण पाया गया। राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट में जिस विकास खंड में अभी तक शत् प्रतिशत टीकाकरण कार्यक्रम पूर्ण नहीं हुआ है उसको पूर्ण कराने के निर्देश दिए।आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत गोल्डन कार्ड बनने की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिन पात्र लाभार्थियों का गोल्डन कार्ड अभी तक नहीं बना है उसको बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 102 नेशनल एंबुलेंस सेवा में शहरी क्षेत्र में काल समाप्त होने पर 20 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट में एंबुलेंस को रोगी तक पहुंच जाने के भी निर्देश दिए। 108 इमरजेंसी मेडिकल ट्रांसपोर्ट सर्विससेज एंबुलेंस सेवा की स्थिति में काल समाप्त होने के 15 मिनट के अंदर एंबुलेंस को रोगी तक पहुचाएं। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एफआरयू की मासिक रिपोर्ट, परिवार नियोजन कार्यक्रम, टीकाकरण,हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर, आरबीएस के कार्यक्रम,पोषण पुनर्वास केंद्र जिला चिकित्सालय की प्रगति,रक्त कोष रिपोर्ट आदि पर समीक्षा की एवं आवश्यक निर्देश दिए।बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं डॉक्टर उपस्थित रहे।
