देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। घोरावल ब्लाक क्षेत्र के शाहगंज क्लस्टर से जुड़ी करीब 30 समूह सखियों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर मानदेय व अन्य समस्याओं को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी नामित ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रही सखियों ने आरोप लगाया कि समूह को मिलने वाली राशि में अनियमितता हो रही है और बीके व बीएमएम द्वारा धन का दुरुपयोग किया जा रहा है, जबकि उन्हें बेहद कम भुगतान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों से मानदेय व ड्राई राशन नहीं मिला है और जब वे अपने हक की मांग करती हैं तो उन्हें पद से हटाने की धमकी दी जाती है या हटा दिया जाता है। सखियों ने विशेष रूप से बीके पूजा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके आने के बाद से भुगतान पूरी तरह बंद हो गया है और कामकाज में लगातार परेशानियां उत्पन्न की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि कई महिलाएं पांच-पांच वर्षों से काम कर रही हैं, लेकिन उन्हें एक भी रुपया मानदेय नहीं मिला। सखियों ने बीके को तत्काल हटाने, बकाया मानदेय का भुगतान करने और पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वे मुख्यालय पर आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। इस मौके पर सोनी, श्यामा, सुनीता,
कौशल्या, संतरा, श्वेता, सीता, दुर्गावती, मोनिका, राजकुमारी सहित अन्य समूह सखियां मौजूद रहीं।
.jpeg)